शाहजहांपुर पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते रामसुमिरन के परिजन।संवाद
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर। हरदोई जिले के थाना शाहाबाद क्षेत्र के समैचीपुर गांव निवासी 35 वर्षीय रामसुमिरन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव निगोही के गांव ढकिया व अरेली हाल्ट के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
कुछ महीने पहले रामसुमिरन हिमाचल प्रदेश में मेहनत मजदूरी करने गए थे। उनकी पत्नी संगीता बच्चों के साथ निगोही के ककरौआ गांव में स्थित मायके में आकर रहने लगीं। संगीता ने बताया कि होली का त्योहार मनाने के लिए रामसुमिरन अपनी ससुराल में आकर रुक गए थे।
शनिवार सुबह पति ने मीट की सब्जी खाई। दोपहर करीब एक बजे अपने फुफेरे भाई के साथ घर से निकले थे। इसके बाद देर रात तक लौटकर नहीं आए। इस पर उनकी तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
रात को शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा होने की सूचना मिली। मृतक के परिजन भी यहां पहुंच गए। उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं, बल्कि रामसुमिरन को मारकर रेलवे ट्रैक के किनारे डाला गया है। पोस्टमाॅर्टम हाउस पर दोनों पक्षों में गर्मा-गर्मी हो गई।