बंडा। पिछले साल दिसंबर से लापता गांव रसूलपुर गढ़िया निवासी अमर सिंह के 28 वर्षीय बेटे राजेश का शव शनिवार दोपहर ताऊ के खेत में आम के पेड़ से लटका मिला। पिता ने जमीन की रंजिश में गांव के कुछ लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों ने बताया कि आठ दिसंबर की सुबह राजेश खेत पर छुट्टा पशुओं को भगाने की बात कहकर गया था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। खोजबीन के दौरान गढि़या जाने वाले मार्ग पर राजेश की साइकिल व चप्पल पड़ी मिली। इस मामले में एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा व सीओ प्रवीण मलिक ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
परिवार के एक सदस्य को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई। 24 दिसंबर को उच्च अधिकारियों के आदेश पर अज्ञात में अपहरण की रिपाेर्ट दर्ज की गई थी। शनिवार दोपहर राजेश के ताऊ रामरहीस खेत पर बरसीम काटने गए तो उन्होंने राजेश के शव को आम के पेड़ से लटका देखा। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। शव को नीचे उतारा। उसके हाथ-पैर काले पड़ गए थे।
पैरों से मांस और खाल लटक रही थी। शव काफी दिन पुराना बताया जा रहा है। पिता अमर सिंह ने बताया कि गांव के ही युवक से उनका जमीन का विवाद चल रहा है। आरोप है कि उन लोगों ने ही उनके इकलौते बेटे को मारकर लटका दिया। जिस दिन बेटा लापता हुआ, उस दिन एक काले रंग की चार पहिया गाड़ी देखी गई थी। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
राजेश का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन