मिर्जापुर। ग्राम पंचायत भरतपुर स्थित धुवघटा तालाब में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव पानी में उतराता मिला। शव को देख भीड़ लग गई। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
इसके बाद पुलिस ने शिनाख्त न होने पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया। पुलिस के अनुसार, युवक के सीधे हाथ पर अक्षय कुमार नाम गुदा हुआ है। युवक की उम्र तकरीबन 30 से 35 वर्ष के बीच है। वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और जांच प्रक्रिया शुरू की। कार्यवाहक थाना प्रभारी सुनील भारद्वाज ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के गांव में पता लगाया गया, लेकिन कोई सुराग लगा नहीं है। संवाद