निगोही। संडा खास का नया विद्युत उपकेंद्र चालू कराने और विद्युत आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को छठे दिन भी बारिश होने के बावजूद बिजली उपकेंद्र के सामने क्रमिक अनशन जारी रखा। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अनशन के दौरान अवर अभियंता ने असहयोगपूर्ण व्यवहार किया।
आज अनशन पर देवेश कुमार प्रजापति, माधुरी देवी, रामनाथ, रक्षपाल, श्री कृष्ण, लक्ष्मण प्रसाद, राजवती, रामकुमारी देवी और सुशीला देवी बैठीं। अनशन पर मौजूद कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उन्हें परेशान करने के इरादे से अवर अभियंता ब्रजेश सिंह ने बुधवार को सुबह उनके अनशन के पंडाल की बिजली काट दी।
मंडल महासचिव के अनुसार आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर बृहस्पतिवार को अभियंताओं का पुतला जलाया जाएगा। एक्सईएन ने बिजली काटे जाने के आरोप से इन्कार कर बताया कि केबल जल जाने से आपूर्ति बंद हुई थी। उन्होंने बताया कि संडा खास का उपकेंद्र बीसलपुर से जोड़ने में तकनीकी समस्या आ रही है। संवाद