साउथ सिटी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और वित्त मंत्री का माला पहनाकर स्वागत करते सांसद
शाहजहांपुर। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी का साउथ सिटी स्थित सांसद अरुण सागर के आवास पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की मौजूदगी में स्वागत किया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अक्सर पीडीए का मतलब बदलती रहती है। कभी पी का मतलब बदलते हैं, कभी डी का तो कभी ए का मतलब बदल डालते हैं।
रविवार को बरेली से आ रहे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष साउथ सिटी स्थित भाजपा सांसद अरुण सागर के आवास पर पहुंचे। प्रदेशाध्यक्ष के साथ प्रदेश महामंत्री संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय शाक्य रहे। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, भाजपा सांसद अरुण सागर समेत पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सर्व समाज की पार्टी है। भाजपा सबको साथ लेकर चलती है। प्रदेशाध्यक्ष के स्वागत में नेताओं का तांता लगा रहा है। भाजपा नेता जितेंद्रनाथ तिवारी ने माला पहनाई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, वीर विक्रम सिंह उर्फ प्रिंस, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनुपम शुक्ला आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व मीरानपुर कटरा में भाजपाइयों ने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत किया।
हनुमत धाम पर किए दर्शन
सांसद के घर से पंकज चौधरी वित्तमंत्री सुरेश खन्ना के साथ हनुमतधाम पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन किए। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।