फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: बनने के साथ उखड़ने लगी डामर रोड...ग्रामीणों ने रुकवाया निर्माण कार्य

Wed, 12 Mar 2025 12:18 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
निगोही में नहर पटरी पर ग्राम इनायतपुर को जाने वाली सड़क पर किया गया लेपन कार्य। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। निगोही-पुवायां मार्ग पर शारदा नहर के किनारे बनवाई जा रही डामर रोड बनने के साथ ही उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने निर्माण में अनदेखी का आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत की। साथ ही सड़क का निर्माण कार्य रुकवा दिया। क्षेत्रीय विधायक सलोना कुशवाहा ने मामला संज्ञान में आने पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की बात कही है। इधर, लोक निर्माण विभाग ने ग्रामीणों पर ही सड़क उखाड़ने का अरोप लगा दिया।
विज्ञापन

निगोही-पुवायां मार्ग पर शारदा नहर खंड की निगोही ब्रांच पर नहर पटरी के किनारे इनायतपुर के आगे पीलीभीत सीमा तक 3.160 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य लोनिवि के प्रांतीय खंड द्वारा कराया जा रहा है। इस सड़क का टेंडर केवल मरम्मत का हुआ है। निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे लोनिवि के अवर अभियंता हरिओम ने बताया कि स्वीकृत टेंडर के अनुसार सड़क पर बने गड्ढों को पत्थर से भरकर और उस पर मौरंग डालकर पानी से तरी करने के बाद इमल्शन (पुराने टायर जलाने से निकला तेल) डाला जाना है।
जेई ने बताया कि इमल्शन पत्थरों को तारकोल से चिपका देता है। बताया कि बाद में सड़क पर 10 एमएम महीन बजरी और तारकोल के मिश्रण की पीसी (ऊपरी परत) डालने का प्रावधान है। वहीं, मैनिया, अमखेड़ा, हीरपुर आदि गांवों के ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने जेसीबी से पुरानी सड़क उखाड़ने के बाद उसी से निकले पत्थरों से गड्ढों का भराव कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार मौरंग की जगह पर नहर के किनारे की बलुई मिट्टी पत्थरों पर डाल दी और इमल्शन डाले बगैर एक किमी तक पीसी की परत बिछा दी।
विज्ञापन

सोमवार को नहर के आसपास रह रहे निशान सिंह, रणवीर सिंह, जसपाल सिंह, कृष्ण वर्मा, सुरेंद्र सिंह आदि ग्रामीणों ने नवनिर्मित सड़क को हाथ लगाया तो बजरी-कोलतार की ऊपरी परत उखड़ने लगी। यह देख ग्रामीणों ने विरोध किया, लेकिन शाम तक कार्य चलता रहा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला गया। मंगलवार को सुबह जैसे ही कार्य शुरू हुआ तभी वहां कई गांवों के लोग आ गए। उन्होंने यह कहते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया कि जब तक विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर जांच नहीं करते, तब तक सड़क नहीं बनने दी जाएगी।
000
कई गांवों के लिए उपयोगी है यह मार्ग
नहर पटरी मार्ग से निगोही जाने का मात्र एक रास्ता है। इस कारण इस रास्ते पर बड़ी संख्या में पड़ोसी जिला पीलीभीत के ग्रामीण अपनी रोजमर्रा के कामों के लिए आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल से खस्ताहाल पड़ी इस सड़क को विधायक सलोना कुशवाहा से पैरवी करके बमुश्किल स्वीकृत कराई, लेकिन मानकों की अनदेखी किए जाने से नवनिर्मित सड़क आगामी मानसून सीजन तक फिर खराब हो जाएगी।
000
एक तिहाई कम लागत पर ठेका लेकर शुरू करा दिया निर्माण
शासन ने इस मार्ग की मरम्मत को 42,69,444 रुपये निर्माण लागत स्वीकृत की थी, लेकिन ठेकेदार ने अनुमानित लागत से 33.50 प्रतिशत कम कीमत पर 28,37,045.54 रुपये का टेंडर स्वीकृत कराकर कार्य शुरू करा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कम दर पर ठेका लेने से निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है।
000
ग्रामीणों से शिकायत मिली है कि सड़क लोनिवि के तय मानकों के विपरीत बनाई जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए अधिकारियों से पत्राचार किया गया है। अगर मौका मिला तो मैं स्वयं मौके पर जाकर निर्माण कार्य का जायजा लूंगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
-सलोना कुशवाहा, क्षेत्रीय विधायक

-
सड़क का निर्माण व मरम्मत कार्य जेई की निगरानी में गुणवत्ता के आधार पर कराया जा रहा है। पता चला है कि ग्रामीणों ने बेबुनियाद आरोप लगाते हुए कई जगह नवनिर्मित सड़क को उखाड़ दिया है। इस मामले में जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

-महेंद्र पाल सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड)

निगोही में नहर पटरी पर ग्राम इनायतपुर को जाने वाली सड़क पर किया गया लेपन कार्य। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें