चौक कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी नितिन। स्रोत : मीडिया सेल
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की मौत के मामले में मारपीट करने वाले मोहल्ला बंगश निवासी नितिन को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पकड़ा गया युवक वायरल वीडियो में मारपीट करता नजर आ रहा है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के साथ शुक्रवार की रात मारपीट की गई थी। शनिवार की सुबह मोहल्ला बंगश में उसका शव पड़ा मिला था। थोड़ी देर बाद ही सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने शिनाख्त न होने पर युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया था।
पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में उसके सीने, पेट, पैर आदि पर कई चोटें पाई गईं थीं। वीडियो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मारपीट करने वाले की तलाश में दबिश दीं। रविवार रात पुलिस ने नितिन को पकड़ लिया। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। संवाद