तिलहर तहसील क्षेत्र में जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों से तीसरे चरण में नामांकन कराने वाले 14 प्रत्याशियों ने शनिवार को चुनाव मैदान छोड़ दिया। नाम वापसी की प्रक्रिया के तहत इन सभी ने आरओ के समक्ष उपस्थित होकर उम्मीदवारी वापस लेने की लिखित सहमति दी। बाद में शेष 245 उम्मीदवारों को एडीएम वित्त एवं राजस्व पीके श्रीवास्तव ने चुनाव चिन्ह आवंटित कराए।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए 17 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए बीते मंगलवार और बुधवार को कलक्ट्रेट में जिला पंचायत के 12 वार्डों के लिए नामांकन पत्र जमा कराए गए थे। पहले दिन तमाम पार्टी समर्थित प्रत्याशियों समेत 156 लोगों ने नामांकन कराए। इसी कड़ी में दूसरे दिन 105 उम्मीदवार मैदान में उभरे थे। बीते दो दिनों में इन नामांकन पत्रों की जांच हुई। जांच के दौरान कौशल्या देवी और कौशल सिंह के नामांकन पत्र राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों के विपरीत पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए।
शेष बचे 259 उम्मीदवारों को शनिवार को अपराह्न तीन बजे तक नाम वापस लेने का मौका दिया गया। एडीएम वित्त एवं राजस्व पीके श्रीवास्तव ने बताया कि 14 उम्मीदवारों ने विभिन्न कारणों से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। एडीएम श्रीवास्तव ने बाकी बचे 245 प्रत्याशियों को अपराह्न तीन बजे के बाद अपनी निगरानी में चुनाव चिन्ह आवंटित कराए।
इन सभी ने जिपं वार्डों से वापस ली उम्मीदवारी
वार्ड एक और चार से नितिन वर्मा, वार्ड 18 से कुसुमा देवी, वार्ड 19 से बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण सागर, जिला पंचायत अध्यक्ष नीतू सिंह के पति एवं सपा नेता उपेंद्र पाल सिंह, गीता देवी और कलावती, वार्ड 22 से शबाना, सगीर खां व सलीम सईद खां, वार्ड 23 से सुरजीत सिंह व तजेंद्र पाल सिंह, वार्ड 24 जितेंद्र कुमार व मोरश्री और वार्ड 31 से बालिस्टर सिंह ने अपनी उम्मीदवारी के पर्चे वापस ले लिए।