त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के पहले चरण में होने वाले मतदान के लिए पर्चा भरने वालों की होड़ लगी रही। कलक्ट्रेट पर कड़ी सुरक्षा के बीच अतिरिक्त मजिस्ट्रेट कक्ष में जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों के लिए 117 नामांकन पत्र जमा किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत द्वारा घोषित निर्वाचन समय सारिणी के अनुसार पहले चरण में सिंधौली, बंडा, खुटार, पुवायां और निगोही के वार्ड 16 आंशिक के लिए सोमवार को पहले दिन सुबह आठ बजे से प्रत्याशी और उनके समर्थक कलक्ट्रेट के बाहर जमा होने लगे। सुरक्षा के लिहाज कलक्ट्रेट में पुलिस के तीन घेरे बनाए गए। कलक्ट्रेट गेट पर तैनात सीओ सिटी कृष्ण गोपाल यादव ने समर्थकों को बाहर रोक लिया और केवल प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक को ही आरओ कक्ष तक जाने की इजाजत दी गई।
बावजूद इसके कुछ पार्टी समर्थित प्रत्याशी अपनी हनक में कई प्रस्तावकों के साथ कलक्ट्रेट कैंपस में दाखिल हो गए। जो लोग प्रस्तावकों की संख्या के अनुरूप नामांकन के कई सेट लेकर गए, सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी ने केवल उन्हीं को आरओ कक्ष में जाने दिया। दोपहर दो बजे तक बमुश्किल दो दर्जन नामांकन पत्र जमा हो पाए, लेकिन बाद में उम्मीदवारी के पर्चे दाखिल करने में एकाएक तेजी आ गई। शाम चार बजे नियत समय सीमा से पहले तक इतने प्रत्याशी और प्रस्तावक पहुंच गए, कि उन्हें अपनी बारी के लिए करीब एक घंटे तक आरओ कक्ष में इंतजार करना पड़ा।
नामांकन कराने वालों में
यह लोग रहे प्रमुख
प्रथम चरण के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने वालों में बसपा के एमएलसी जयेश प्रसाद के भाई जीवेश प्रसाद, सपा समर्थित सुरजन लाल व सावित्री देवी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह, कांग्रेस विधायक चेतराम के पुत्र नीरज कुमार, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह की बहन अंजली देवी, सपा समर्थक रोशन बेग और बसपा समर्थित शकील खां, राम लड़ैते गौतम, दलजीत सिंह उर्फ राजा बरौना, मनोज त्रिवेदी, विजयपाल सिंह, रमाकांत गौतम व राजेश्वर सिंह प्रमुख रहे।
दिलचस्प रहा जीवेश के
समर्थकों का जुलूस
बसपा के एमएलसी जयेश प्रसाद के भाई जीवेश प्रसाद के नामांकन जुलूस में समर्थकों का नजारा इस मायने में दिलचस्प रहा कि उसमें बसपाइयों से अधिक कांग्रेसी चेहरे दिखे। कांग्रेसी दिग्गज बाबासाहब के जमाने से प्रसाद परिवार के करीबी रहे बाबर खां उनके प्रस्तावक बने। खास यह भी है कि बसपा नेतृत्व जीवेश को पार्टी समर्थित प्रत्याशी मानने से गुरेज कर रहा है। जिलाध्यक्ष उदयवीर सिंह के अनुसार उन्होंने जिस वार्ड से पर्चा दाखिल किया, वहां से आलोक सिंह को पार्टी समर्थित उम्मीदवार तय किया गया है।
ढोल बाजे के साथ प्रत्याशियों के साथ पहुंचे समर्थक
जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन कराने के लिए कई प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों का हुजूम ढोल बाजे के साथ कलक्ट्रेट तिराहे पर पहुंचा। हालांकि, पुलिस ने उन्हें वहीं बनाए गए बाहरी बैरियर पर ही रोक लिया।
जिला पंचायत वार्ड वार नामांकन पर एक नजर
------------------------------------------
स्थान वार्ड संख्या नामांकन
0 पुवायां प्रथम 07 15
0 पुवायां द्वितीय 08 09
0 पुवायां तृतीय 09 14
0 सिंधौली प्रथम 10 14
0 सिंधौली द्वितीय 11 11
0 सिंधौली तृतीय 12 14
0 निगोही चतुर्थ आंशिक 16 02
0 खुटार प्रथम 01 03
0 खुटार द्वितीय 02 03
0 बंडा प्रथम 03 14
0 बंडा द्वितीय 04 07
0 बंडा तृतीय 05 05
0 बंडा चतुर्थ 06 06
314 सीटों के लिए 682 बीडीसी पर्चे दाखिल
सिंधौली, बंडा, खुटार और पुवायां ब्लाक मुख्यालयों पर क्षेत्र पंचायत सदस्य की 314 सीटों के लिए पहले दिन 682 नामांकन पत्र जमा किए गए। अधिकारियों के अनुसार सिंधौली ब्लॉक में 214, बंडा में 224, खुटार में 93 और पुवायां में 151 उम्मीदवारों ने बीडीसी के पर्चे दाखिल किए।