यूपी टीईटी संघर्ष मोर्चा ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम को बेहतर तरीके से लागू करने के लिए सरकार से बीएड प्रशिक्षित एवं टीईटी उत्तीर्ण युवाओं को स्कूल-कालेजोें में शीघ्र नियुक्तियां देेने की मांग की है। मोर्चा से जुड़े युवाओं ने इसी मांग को लेकर रविवार को शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के लिए मोर्चा से जुड़े शिक्षित युवा टाउनहाल के शहीद द्वार मैदान पर इकट्ठा हुए और वहां से सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए चल पड़े। नगरपालिका परिषद जाकर उनका शिष्टमंडल सपा जिलाध्यक्ष से मिला। उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि वे सभी वर्ष 2011 के उत्तीर्ण अभ्यर्थी हैं और प्रदेश में उनकी कुल संख्या 2.92 लाख है। प्राथमिक शिक्षक बनने की अनिवार्य योग्यता होने के बावजूद नियुक्तियां नहीं की जा रहीं। ज्ञापन में कहा गया है कि आरटीई एक्ट तभी प्रभावी हो सकेगा, जब शिक्षण कार्य के लिए प्रदेश में पर्याप्त शिक्षक होंगे। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए शिक्षकों के रिक्त पद शीघ्र भरे जाएं। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने आश्वस्त किया कि ज्ञापन मुख्यमंत्री और शासन तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई कराएंगे। प्रदर्शन में रामनिवास शर्मा, संतोेष कुमार, शिवकुमार शर्मा, अश्विनी दीक्षित, राकेश पाल, शैलेंद्र अवस्थी, शकुन पांडेय, रोहित सक्सेना, शंकर लाल, प्रदीप कुमार, खालिद खां, भूमिपाल सिंह, संजीव कुशवाहा आदि शामिल रहेे।