शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) नगर मेें आठ केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। परीक्षा में कुल 7,770 परीक्षार्थी शामिल हुए। सुरक्षा के लिहाज से सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। टीईटी परीक्षा के लिए जीएफ कॉलेज, एसएस कॉलेज, सत्यपाल सिंह महाविद्यालय, रॉयन इंटरनेशनल स्कूल, आर्य महिला महाविद्यालय, तक्षशिला पब्लिक स्कूल, इस्लामिया इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया था। एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार शर्मा की देखरेख में हुई परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। एडीएम ने बताया कि परीक्षा में कुल 8,277 अभ्यर्थियों में 507 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह 7,770 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए थे। दो पालियों में हुई परीक्षा छूटने केे बाद शहर के केंद्रों के आसपास यातायात की समस्या खड़ी हो गई। जाम की स्थिति से निपटने के लिए पेपर छूटने के समय ट्रैफिक पुलिस ने सूझबूझ से काम लेते हुए राहगीरों से परेशानी से बचाया।