शाहजहांपुर। होली पर अपने घर आने वाले यात्रियों के लिए खुश खबरी है। रेल प्रशासन ने दिल्ली-लखनऊ के बीच तीन स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया है। इन सभी ट्रेनों का स्टॉपेज रोजा रेलवे स्टेशन पर रहेगा। वहीं जनसेवा और अमृतसर-गोरखपुर एक्सप्रेस को भी पांच मार्च से नियमित चलाया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि रेल प्रशासन ने होली के त्योहार पर भीड़ को देखते हुए होली स्पेशल चलाने का फैसला किया है। इनमें हजरत निजामुद्दीन-लखनऊ एक्सप्रेस दो और नौ मार्च को चलेगी। वापसी में यही ट्रेन तीन और चार मार्च को चलाई जाएगी। आनंद विहार-लखनऊ एक्सप्रेस चार व 11 मार्च को आनंद विहार से लखनऊ और तीन व 10 मार्च को लखनऊ से आनंद विहार के लिए चलेगी। नई दिल्ली-काशी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलाई जाएगी। अप लाइन पर सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और डाउन लाइन पर मंगलवार बृहस्पतिवार व शनिवार को चलेगी। इन सभी ट्रेनों का स्टॉपेज रोजा रेलवे स्टेशन पर रहेगा।