मीरानपुर कटरा। खुदागंज मार्ग के किनारे मोहल्ला आतिशबाजान के पुराने तालाब की जमीन पर टेंट लगाकर वहां महर्षि वाल्मीकि की मूर्ति रखकर कब्जा किए जाने की कोशिश से बृहस्पतिवार को दो पक्षों में विवाद के बाद उपजा तनाव शुक्रवार को भी कायम रहा। अधिकारियों ने यथास्थिति बनाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को राजस्वकर्मियों ने तालाब के नक्शे को देखकर जांच शुरू कर दी है। ।
मोहल्ला आतिशबाजान में खुदागंज मार्ग के किनारे घनी आबादी के बीच सरकारी जमीन पर स्थित दशकों पुराना तालाब राजस्व अभिलेखों में नगर पंचायत के नाम दर्ज है। तालाब की जमीन पर कब्जा करने की कुछ लोगों में कई वर्ष से जबरदस्त होड़ चल रही है।
इस होड़ में तमाम लोगों ने करीब 150 बीघा रकबा वाले तालाब के चारों ओर की जमीन पर कब्जा कर अपने मकान भी बना लिए है। विवाद उस वक्त पैदा हुआ, जब मोहल्ले के पूर्व नगर पंचायत सदस्य मिर्जा इलियास बेग ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने गत बुधवार को मोहल्ले में महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाने के लिए तालाब वाली पट्टे की जमीन पर टेंट लगाया।
बाद में वहां कुछ लोगों ने तख्त डाल कर उस पर महर्षि वाल्मीकि की मूर्ति को रख दिया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। महर्षि वाल्मीकि जयंती शोभायात्रा समिति के लोग भड़क गए और उन्होंने वहां से महर्षि वाल्मीकि की मूर्ति को हटाने से मना कर दिया।
तहसीलदार दीपेंद्र कुमार ने दोनों पक्षों को जांच होने तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। बाद में वहां पहुंचे तहसीलदार लेखपाल अनुराग से तालाब की जमीन की नाप कराने का काम शुरू कराया। इस दौरान शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष धीरज कुमार ने पुलिस से शिकायत कर्ता मिर्जा इलियास बेग को मौके पर बुलाकर पूछताछ करने की मांग की, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे।
000
राजस्व विभाग में नॉन जेड ए श्रेणी की जमीन पर स्थित तालाब के बारे में राजस्व विभाग की टीम से जांच कराई जा रही है। तालाब की जमीन अपनी बताने वाले दोनों पक्षों से अपने-अपने दावे के अभिलेख दिखाने के लिए कहा गया है। जांच होने तक मौके पर यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
-दीपेंद्र कुमार, तहसीलदार तिलहर
-
आतिशबाजान में सरकार की जमीन पर पुराना तालाब है। इसी तालाब में नगर के नाले-नालियाें का पानी इकट्ठा होता है। इसलिए नगर पंचायत के सार्वजनिक महत्व वाले इस तालाब पर किसी को अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।
-शिवलाल राम, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत मीरानपुर कटरा