जलालाबाद। नगर के आधा दर्जन से ज्यादा वार्डों में रहने वाले लोगों को बृहस्पतिवार को भी पानी मुहैया नहीं हो सका। लगातार दो दिन आपूर्ति व्यवस्था ठप रहने से लगभग दस हजार लोग काफी परेशान हैं।
दो दिसंबर की शाम नगर पालिका के 1250 किलोलीटर की क्षमता बड़े ओवरहेड टैंक के वॉल्व की राॅड टूट जाने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई थी। नगर में रोजाना सुबह-शाम पानी की आपूर्ति इसी ओवरहेड टैंक पर टिकी हुई है। जिन 11 वार्ड में सबमर्सिबल की व्यवस्था है, वहां पानी की आपूर्ति चलती रही जबकि शेष वार्डों में पालिका ने छोटे ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति करने की वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई।
इस टैंक से आपूर्ति के दौरान प्रेशर की कमी के कारण ऊंचे जगहों वाले करीब आधा दर्जन से ज्यादा मोहल्लों तक पानी नहीं पहुंच सका। लगातार दो दिनों से इन मोहल्लों की दस हजार से ज्यादा की आबादी पानी के लिए परेशान है। नगरपालिका अध्यक्ष शकील अहमद ने बताया कि तकनीकी कमी को दुरुस्त करा लिया गया है। पानी की आपूर्ति शुक्रवार सुबह से सुचारु हो जाएगी। टैंक भरने में ही 10 से 12 घंटे का समय लगेगा। संवाद