शाहजहांपुर। जन्माष्टमी को लेकर बृहस्पतिवार को मंदिरों और घरों में दिनभर तैयारियां चलती रहीं। मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया। वहीं घरों में कान्हा की झांकियां सजाने के लिए लोगों ने खरीदारी की।
जन्माष्टमी शुक्रवार को मनाई जाएगी। बाबा विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर, फैक्टरी स्टेट स्थित मंदिर आदि मंदिराें को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया। मंदिरों और घरों में साफ-सफाई के साथ ही झांकी सजाने और पूजा-अर्चना की तैयारी की गई। दूसरी ओर बाजारों में लड्डू गोपाल की पोशाक, मुकुट, बांसुरी और झांकी सजाने के सामान की खूब बिक्री हुई। शाम होते ही मंदिर बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठे।
श्री रुद्र बाला जी धाम के पुजारी पंडित कान्हा कृष्ण शुक्ला ने बताया कि इस बार अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का संयोग शुक्रवार रात 11:12 बजे तक बन रहा है इसलिए गृहस्थ और वैष्णव यानी साधु-संत, घरों व मंदिरों में जन्माष्टमी का पावन पर्व मनाएंगे। उन्होंने बताया कि इस बार जन्माष्टमी का पर्व ज्योतिषीय दृष्टि से भी खास माना जा रहा है। जन्माष्टमी के दिन कई प्रमुख ग्रह अनुकूल स्थिति में रहेंगे।
इनका लगाएं भोग
पुजारी कान्हा कृष्ण शुक्ला ने बताया कि जन्माष्टमी पर पंचामृत जरूर बनाएं, उसमें तुलसी की पत्तियां डालें। सामर्थ्य अनुसार 56 भोग लगा सकते हैं। धनिए की पंजीरी भी रखें। मध्य रात्रि में 12 बजे जन्मोत्सव मनाएं। अंत में प्रसाद वितरण कर भजन-कीर्तन करते हुए रात्रि जागरण करें।
जन्माष्टमी पर अनावश्यक शटडाउन नहीं लेने के निर्देश
शाहजहांपुर। जन्माष्टमी को देखते हुए अधीक्षण अभियंता ने बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ने अनावश्यक शटडाउन नहीं लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि केवल इमरजेंसी की स्थिति में ही बिजली आपूर्ति बंद की जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को निर्बाध बिजली मिल सके। जिन स्थानों पर मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, वहां बिजली निगम का स्टाफ मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद की जा सके। संवाद