शुक्रवार को शहर में हल्के बादल छाए रहने से मौसम में नमी रही। संवाद
शाहजहांपुर। बृहस्पतिवार रात से बादल छाए होने के कारण उमस बढ़ी तो न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़कर 26.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। हालांकि, देर रात से शुक्रवार को सुबह तक 19 मिमी बारिश होने से सूर्योदय के पहले तक मौसम ठंडा बना रहा, लेकिन बाद में तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी हो गई और अधिकतम तापमान 4.2 डिग्री बढ़कर 35 डिग्री सेल्सियस हो गया।
बारिश के कारण सुबह हवा में आर्द्रता 74 प्रतिशत बनी रही। इस कारण पुरवाई के झोंके कुछ देर तक सुकून देते रहे। बाद में सूरज के आसमान पर चढ़ने पर धूप तेज होने से लोगों को गर्मी और उमस के मिले-जुले प्रकोप का सामना करना पड़ा।
दोपहर करीब दो बजे आसमान फिर काले-भूरे बादलों से घिर गया, लेकिन कुछ देर तक रिमझिम फुहारें गिरने के बाद बारिश थम गई। इससे शाम को उमस से काफी हद तक राहत मिल गई।
गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के रुक-रुककर हो रही बूंदाबांदी से बढ़ी हुई आर्द्रता धूप निकलने पर उमस बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि वायुदाब सामान्य से 22 अंक कम हो जाने से शनिवार को सुबह से बादल छाए रहने और तेज गरज के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।