रविवार को सदर क्षेत्र में तेज धूप से बचने के लिए मुंह को कपड़े से ढक्कर जाती महिला। संवाद
शाहजहांपुर। दिन में धूप निकलने से उमस का असर बरकरार रहा। अधिकतम तापमान स्थिर रहा और न्यूनतम में मामूली गिरावट आई। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक, वायुदाब 20 मिलीबार गिरा हुआ है। सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। मौसम शुष्क रहने से उमस का असर रहेगा।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यनूतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अधिकतम तापमान स्थिर रहा और न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि वायुदाब 20 मिलीबार गिरा हुआ है और पछुआ हवा चल रही है। आर्द्रता 57 फीसदी है। इससे वातावरण में नमी कम है। सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा और उमस बढ़ने की संभावना है।