शाहजहांपुर। पारा चढ़ने के साथ ही बिजली ने झटका देना शुरू कर दिया है। शहरी इलाकों में बिजली लोकल फॉल्ट की भेंट चढ़ रही है तो गांवों में जर्जर लाइनाें की वजह से रोजाना ही लोगों को घंटों बिजली कटौती से जूझना पड़ रह है। पुराने उपकरण लोड सहन नहीं करने के कारण आए दिन खराब हो जाते हैं। 33 केवीए की लाइनें भी टूटकर गिर रहीं हैं।
शहरी क्षेत्र में 24 घंटे, गांवों में 18 और तहसील क्षेत्र में साढ़े 21 घंटे बिजली देने का शेड्यूल है। ग्रामीण इलाकों में रात में आपूर्ति मिल रही है, लेकिन दिन में रोस्टरिंग के साथ ही लोकल फॉल्ट से लोगों को बिजली मिलना मुश्किल हो रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दस घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल रही है। देहात इलाकों में लंबी लाइनाें के चलते रोजाना ही तार टूटने की समस्या बनी रहती है। जंपर जलना और इंसुलेटर बर्स्ट होने की समस्या भी है। बिजली की खपत बढ़ने के साथ हाईटेंशन लाइनों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
जोधपुर नवदिया में पांच दिन से बत्ती गुल, लोग बेहाल
तिलहर। ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफाॅर्मर तीन दिन में बदलने की समय सीमा निर्धारित की है, लेकिन जोधपुर नवदिया गांव में खराब ट्रांसफाॅर्मर मंगलवार को पांचवें दिन भी बदला नहीं जा सका। इस कारण भीषण गर्मी में बिजली संकट से ग्रामीण बेहाल रहे। ग्राम प्रधान रामबेटी के पुत्र अनिरुद्ध यादव ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र को कई बार सूचना देने के बावजूद ट्रांसफाॅर्मर ठीक नहीं किया गया। इसी तरह नगर क्षेत्र में रोजाना दोपहर तीन बजे से शाम चार बजे तक और रात 10 बजे से 11 बजे तक बत्ती गुल रहने से लोग परेशान हैं। एसडीओ हरेंद्र कुमार ने बताया कि लाइनों को ओवरलोडिंग से बचाने के लिए उन्हें शाम और रात को एक-एक घंटे के लिए बंद रखा जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि जोधपुर नवदिया टीम भेजकर ट्रांसफाॅर्मर ठीक कराया जा रहा है। संवाद
बादशाहनगर उपकेंद्र से रोजाना आठ घंटे हो रही कटौती
सेहरामऊ दक्षिणी। भीषण गर्मी में बादशाहनगर विद्युत उपकेंद्र से रोजाना लगभग आठ घंटे की अघोषित बिजली कटौती होने से ग्रामीण बेहाल गए है। नियमानुसार 18 घंटे बिजली मिलनी चाहिए, लेकिन विद्युत निगम के अधिकारी सिर्फ 10 घंटे बिजली उपलब्ध करा पा रहे हैं। बादशाहनगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े मियांपुर, लक्ष्मनपुर, महमदपुर कुतुआपुर, सूरतपुर, चंदगोई, भरगवा, इटौरा, पसगवां,रौरा, चंपापुर, फरीदपुर आदि करीब 25 गांवों से जुड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं को जूझना पड़ रहा है। संवाद
मरम्मत के नाम पर काटी जा रही बिजली
मीरानपुर कटरा। खुदागंज क्षेत्र के 48 गांवों की हाईटेंशन लाइनों में मरम्मत कार्य होने के कारण एक सप्ताह तक आठ घंटे का प्रतिदिन शटडाउन लिए जाने से उपभोक्ता बेहाल हैं। बिजली जाने से लघु उद्योग चौपट हो गए हैं। एसडीओ संदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि नगर क्षेत्र के अंदर रोस्टरिंग एवं लोकल फाॅल्ट के कारण कुछ घंटे बिजली गुल हो रही है। संवाद