शाहजहांपुर। ऊंचाई पर बादल छाए रहने से सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह हल्का कोहरा भी रहा। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक मंगलवार को तापमान में गिरावट होने के साथ ही हल्का कोहरा रहने का भी अनुमान है।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक वायुदाब 10 मिलीबार गिरा हुआ है। आर्द्रता 65 फीसदी है। इससे वातावरण में नमी कुछ कम है। पूर्वी और उत्तरी हवा चल रही है। इसके असर से तापमान में गिरावट होने के साथ हल्का कोहरा रहने का अनुमान है।