पुवायां में धरने पर बैठे भाकियू चढ़ूनी गुट के कार्यकर्ता। संवाद
पुवायां। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट के कार्यकर्ता पुवायां डाक बंगला परिसर में 35 दिन से धरने पर बैठे हैं, लेकिन प्रशासन समस्याओं का निराकरण नहीं करा रहा है। कार्यकर्ता अब भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
धरनास्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भारत सिंह यादव ने कहा कि 35 दिन से किसान अपना काम छोड़कर आंदोलनरत हैं, लेकिन तहसील प्रशासन चुप्पी साधे बैठा है। एक भी समस्या का समाधान तो दूर किसानों से वार्ता करने तक की जरूरत नहीं समझी गई है। इस कारण सात मार्च से भूख हड़ताल करने का फैसला लिया गया है।
तहसील अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा अगर जल्द ही समस्याओं का निस्तारण नहीं कराया गया तो एसडीएम का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को जिले भर में शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। एसडीएम चित्रा निर्वाल ने बताया कि जमीन के विवाद को लेकर कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं। दूसरे पक्ष ने कोर्ट के आदेश से कब्जा लिया है। पुलिस ने जमीन कुर्क करने की रिपोर्ट भेजी थी। इस पर नोटिस जारी किए जा चुके हैं।