साइकिल से सब्जी लेने जा रहे किशोर को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा पुवायां-पलिया रोड पर शारदा नहर पुल के पास हुआ। गंभीर रूप से घायल किशोर को बंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है, जबकि हादसे के बाद ड्राइवर भाग गया।
गांव मकसूदापुर निवासी ब्रजपाल का 15 वर्षीय पुत्र उर्वेश कुमार बृहस्पतिवार दोपहर साइकिल से सब्जी लेने बाजार जा रहा था। गांव के पास शारदा नहर पुल के पास उसे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक रोक लिया, जबकि ड्राइवर भाग गया।
खबर मिलने पर उर्वेश के घरवाले भी रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। उर्वेश को एंबुलेंस से बंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर उसकी गंभीर हालत को देखर हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी ही कर रहे थे कि तभी उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।