गांव पिपरिया बिरसिंहपुर के विजय कुमार का फाइल फोटो। स्रोत : परिजन
खुटार। गांव पिपरिया बिरसिंहपुर निवासी सर्वेश कुमार वाल्मीकि के 16 वर्षीय पुत्र विजय कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। विजय के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विजय के बड़े भाई रोहित कुमार ने बताया कि उनके मकान के पीछे तालाब है। उन्होंने सुअर पाल रखे हैं। बृहस्पतिवार शाम चार बजे वह विजय कुमार के साथ सुअर खेत से घर लेकर आ रहे थे। एक सुअर तालाब में घुस गया। सुअर को निकालने के लिए विजय तालाब में घुसा तो पैर फिसलने से वह डूबने लगा।
विजय को डूबता देख रोहित ने शोर मचाया तो परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक विजय डूब चुका था। कुछ ही देर में गांव के कई लोग मौके पर आ पहुंचे। गांव के लोगों की मदद से परिजनों ने तालाब में तलाश की तो एक घंटे बाद विजय को निकाला ला सका।
परिजनों ने निजी डॉक्टर को बुलाकर दिखाया तो उसने विजय को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। विजय की मौत से पिता सर्वेश कुमार, मां प्रेमवती, भाई रोहित, अजय और बहन नेहा का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है, इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई है।