मीरानपुर कटरा। थाना क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर कॉलोनी के सामने रामलीला मैदान में डेरा डालकर रहने वाली आसमीन (16) की खंभे के सपोर्टिंग तार से करंट लगने से मौत हो गई। करंट से उसका शरीर जलने लगा था। नाराज परिजनों ने कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे जाम कर दिया। करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया।
हप्पू की पुत्री आसमीन अपने मामा इरफान के साथ रामलीला मैदान में डेरा डालकर रहती थी। शनिवार को वह पड़ोस के अन्य डेरों में रहने वाली लड़कियों के साथ खेतों में लकड़ी बीनने गई थी। दोपहर एक बजे वह गांव नगला प्रथी उर्फ नगरिया के सामने लकड़ी बीन रही थी। वह खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के खंभे के सपोर्टिंग तार के पास पड़ी लकड़ी उठाने लगी तो उसे करंट लग गया। करंट लगने पर वह झाड़ियों में गिर गई और उसका शरीर जलने लगा। उसका एक पैर भी अलग हो गया। अन्य लड़कियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर तमाम लोग मौके पर एकत्रित हो गए। बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों ने कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे जाम कर दिया। थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की। उन्हें हरसंभव मदद और कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दस साल पहले हो चुकी माता-पिता की मौत
आसमीन की मां आशा व पिता हप्पू की दस साल पहले मौत हो चुकी है। उसके बाद वह अपने मामा व नानी के साथ डेरे में रहने लगी थी। आसमीन की मौत पर 15 वर्षीय बहन शाइदा व छोटे भाई साजिद का रो-रोकर बुरा हाल है।
एंबुलेंस नहीं आई, परिजनों ने जताई नाराजगी
आसमीन के करंट लगने के बाद सहेलियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए। तुरंत ही बिजली को बंद कराकर एंबुलेंस बुलाने को कॉल की। करीब एक घंटे के बाद भी एंबुलेंस न आने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि एंबुलेंस आ जाती तो शायद किशोरी की जान बच जाती।
करंट लगने से किशोरी की मौत हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर आने पर जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - बीएस वीर कुमार, सीओ जलालाबाद