फेसबुक पर किशोरी की फर्जी आईडी बनाने वाला गिरफ्तार
फेसबुक पर किशोरी की फर्जी आईडी बनाकर अश्लील मैसेज पोस्ट करने वाले युवक को काइम ब्रांच ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक फेसबुक से प्रोफाइल हटाने के नाम पर किशोरी से 20 हजार रुपये मांग कर रहा था।
पुलिस लाइंस में हुई पत्रकार वार्ता में एसपी डॉ.मनोज कुमार ने बताया कि 25 अप्रैल को एक महिला ने शिकायत की थी कि उनकी नाबालिग बेटी का फोेटो लगाकर एक व्यक्ति फर्जी फेसबुक एकाउंट चला रहा है। इस पर वह अश्लील मैसेज करके उनकी बेटी को अपनी प्रेमिका बता रहा है। जब उस व्यक्ति से फेसबुक पर मैसेज करके एकाउंट बंद करने को कहा तो उसने प्रोफाइल बंद करने के लिए 20 हजार रुपये मांगे। महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना सदर बाजार में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 67 ए आईटी एक्ट और धारा 386, 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच और थाना सदर बाजार की संयुक्त टीम को लगाया गया था। इसमें साइबर सेल की भी मदद ली गई। आरोपी के विषय में जानकारी होने के बाद दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने आरोपी युवक को घंटाघर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया युवक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बीबीजई निवासी तनवीर पुत्र मुबारक हुसैन है।
किशोरी के घर काम करने गया था आरोपी
पूछताछ में तनवीर ने बताया कि वह बढ़ई का काम करता है। कुछ माह पहले उसने किशोरी के घर काम किया था। इसी दौरान उसने किशोरी के फेसबुक एकाउंट के बारे में जानकारी कर ली थी। उसने बताया कि किशोरी को बदनाम करने के लिए उसकी फोटो फेसबुक प्रोफाइल पर डाली थी। वह किशोरी की मां से रुपये ऐंठना चाहता था।
कैलोफोर्निया फेसबुक ऑफिस से ली गई मदद
एसपी ने बताया कि इस मामले में फेसबुक के कैलोफोर्निया (अमेरिका) कार्यालय से मदद लेकर आरोपी के विषय में गोपनीय जानकारी ली गई। उसी के आधार पर साइबर सेल और क्राइम ब्रांच टीम ने मामले का खुलासा किया।