खुटार में भट्ठे पर जांच करने पहुंची पुलिस। संवाद
खुटार। खुटार-गोला रोड पर पारस ईंट भट्ठे पर बनी झोंपड़ी से बुधवार की रात चांद बी (17) लापता हो गई। पिता लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव मुकुंदापुर निवासी मोहम्मद अजीम ने आशंका जताई है कि पुत्री को वन्यजीव उठा ले गया है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम व पुलिस ने भट्ठा व उसके आसपास खेतों में कांबिंग की, लेकिन किसी जंगली जानवर के पैरों के निशान नहीं मिले।
मोहम्मद अजीम अपनी मां शमा बेगम, पत्नी परवीन, पुत्री चांद बी, पुत्र फैयाज, फाजिल, रहीस, रहमान के साथ भट्ठे पर रहकर ईंट पथाई का काम करते हैं। ईंट पथाई का काम समाप्त होने पर वह 18 जून को परिवार के साथ घर जाने वाले थे। 17 जून की रात खाना खाने के बाद सभी लोग भट्ठे पर पड़ी झोंपड़ी के बाहर साे गए थे। सुबह चार बजे किशोरी की दादी की आंख खुली तो चांद बी बिस्तर पर नहीं थी। उन्होंने शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। बिस्तर से कुछ दूर किशोरी का दुपट्टा और चप्पलें पड़ी मिली हैं। भट्ठे से कुछ दूर जंगल होने के कारण परिजनों ने आशंका जताई कि किशोरी को वन्यजीव खींच ले गया है। सूचना पर पुलिस और वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों के मुताबिक, किशोरी को अगर वन्यजीव ले गया होता तो घसीटने के निशान और खून पड़ा होता। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किशोरी की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां