खुदागंज। ग्राम पंचायत रामेश्वरगंज गोटिया में शुक्रवार शाम बर्रैया के छत्ते में आग लगाने के दौरान हरीश कश्यप की 17 वर्षीय पुत्री शीतल झुलस गई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, शीतल की मां सुदामा पास के खेत में जानवरों के लिए चारा काट रहीं थीं। शीतल ने घर में बर्रैया के छत्ते में आग लगाई और जलता हुआ छत्ता उसके ऊपर गिर गया। इससे उसके कपड़ों में आग लग गई। बेटी की चीख-पुकार सुनकर सुदामा भागकर घर आईं और किसी तरह आग को बुझाया, लेकिन तब तक शीतल काफी झुलस चुकी थी।
वहीं सूचना पर खेत से आए पिता व भाई ने शीतल को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान शीतल ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि शीतल दो भाइयों में इकलौती बहन थी। शनिवार शाम पोस्टमॉर्टम के बाद घर पहुंचे शीतल के शव को देख परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।