शाहजहांपुर पोस्टमॉर्टम हाउस पर गुमसुम खड़े मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : बारिश के बीच गुजरते लोग।
शाहजहांपुर। लखीमपुर खीरी जिले के पसगवां थाना क्षेत्र के गांव गदनापुर निवासी कलेक्टर के 17 वर्षीय बेटे रजनीश की शनिवार रात राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। फूफा पर भतीजे को चाकू मारने का आरोप है। अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के चाचा सत्यपाल ने बताया कि बहन रीमा देवी की शादी हरदोई जिले के थाना मझिला क्षेत्र के सिमरापुरवा गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। जीजा का आए दिन बहन से झगड़ा होता था। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को भतीजा रजनीश अपनी बुआ के घर गया था। उसी दिन हुए झगड़े की सूचना पर वे लोग परिवार के लोग वहां पहुंच गए।
परिवार के लोगों के बीच बातचीत हो रही थी। इस बीच बहन के जेठ ने हमला कर दिया। भतीजे रजनीश के पेट में चाकू मार दिया। खून से लथपथ भतीजे को देख वह भाग गया। तुरंत भतीजे को सीएचसी लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद भतीजे को शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। तब से भतीजे का यहां उपचार चल रहा था।
शनिवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे भतीजे की हालत बिगड़ी तो उसे निजी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इस बीच भतीजे ने दम तोड़ दिया। सत्यपाल ने बताया कि भतीजा चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। भतीजे की मौत से भाई अवनीश, सुमित, विनीत गुमसुम हो गए हैं।