कलक्ट्रेट में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते यूटा के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
शाहजहांपुर। 40 डिग्री के पार तापमान में शिक्षकों से जनगणना का कार्य कराए जाने का विरोध प्रारंभ हो गया है। शुक्रवार को प्राथमिक शिक्षक संघ ने बीएसए और यूटा ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर मुद्दे को उठाया।
जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय के नेतृत्व में जनगणना निदेशक को संबोधित ज्ञापन बीएसए को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान गणना कार्य भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जुलाई में करवाया जाए। लू में कार्मिकों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है, साथ ही उपार्जित अवकाश देने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में निवर्तमान जिला कोषाध्यक्ष भुवनेश गुप्ता भी मौजूद रहे।
-
यूटा ने कार्य को स्थगित करने की मांग उठाई
यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने जनगणना कार्य को आगामी जून माह तक स्थगित किए जाने की मांग को लेकर डीएम को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह को दिया। जिला महामंत्री हरिशंकर के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण अधिकांश लोग दिन में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं, जिससे प्रगणकों को सही एवं सुचारु रूप से जानकारी प्राप्त करने में भी कठिनाई हो रही है। इससे जनगणना कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने जनगणना कार्य को जून माह तक स्थगित कर जुलाई के प्रथम सप्ताह से पुनः प्रारंभ कराए जाने की मांग की। जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मसरूफ अली, जिला उपाध्यक्ष जगपाल, शिव सिंह, योगेंद्र आदि मौजूद रहे।
कलक्ट्रेट में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते यूटा के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन