- उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर बीआरसी पर हुई बैठकें
- 15 को बीएसए को ज्ञापन व 23 को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने का निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में बृहस्पतिवार को परिषदीय विद्यालय खुलने पर शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। इसके साथ ही शिक्षक संगठनों द्वारा बैठकें कर आगे की रणनीति तय की गई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर ब्लॉक कलान के बीआरसी पर बैठक में जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय ने कहा कि सरकार की ओर से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का आदेश जारी किया गया है। इसके बहाने बेसिक शिक्षा का निजीकरण किए जाने की मंशा है। इसको किसी कीमत पर पूरा नहीं होने देंगे।
बताया कि प्रदेश स्तर पर आंदोलन के लिए शिक्षक संगठनों का संयुक्त मंच बना लिया गया है। बैठक में जिला उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष दल सिंह, मंत्री आशीष मिश्रा, टीएससीटी अध्यक्ष सुशील कुमार, जूनियर शिक्षक संघ के ब्लॉक मंत्री आलोक यादव, अनुदेशक संघ के विनोद चौधरी, शिक्षा मित्र संघ के मनोज यादव आदि मौजूद रहे।
जैतीपुर बीआरसी पर बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष आदेश सिंह तोमर ने कहा कि अध्यापकों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान कर उनकी विभिन्न समस्याओं का निस्तारण करने के बाद ही डिजिटल उपस्थिति स्वीकार होगी। ब्लॉक मंत्री अनंग पाल गौतम ने बताया कि 11-12 जुलाई को सहमति पत्र, 15 जुलाई को बीएए को ज्ञापन और 23 जुलाई को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन आदि की चरणबद्ध रूपरेखा तय की गई है।
इस मौके पर शैलेंद्र पाल सिंह, राहुल रूहेला, शेखर पवार, अवनीश कुमार सिंह, उमेश पाल सिंह, गौरव कुमार, सुबोध सिंह यादव, वीरपाल गंगवार, आशीष मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
कलान बीआरसी पर बैठक में बोलते जिलाध्यक्ष ऋषिकांत पांडेय। स्रोत : संस्था