पुवायां। महिला ने कोर्ट के आदेश पर घर में घुसकर अश्लील हरकतें करने, मारपीट और तोड़फोड़ करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि प्रमोद कुमार, प्रमोद की पत्नी प्रमिला देवी और पुत्र बागेश कुमार अपने घर पर तंत्र-मंत्र और झाड़ फूंक का काम करते हैं। तंत्र-मंत्र के नाम पर कछुआ, मोर और उल्लू की बलि दी जाती है, और अवशेष उनके दरवाजे पर फेंक देते हैं। मना करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई । आरोपी मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं।
नौ अगस्त को आरोपियों ने तंत्र-मंत्र के लिए आए लोगों को उनके दरवाजे पर बैठा दिया था, मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए और पीड़िता को आंगन में गिराकर पीटकर घायल कर दिया।
प्रमोद ने महिला के कपड़े फाड़ दिए और अश्लील हरकतें कीं। बचाने आई बहू को भी पीटा। प्रमोद ने घरेलू सामान भी तोड़ दिया। आरोपियों ने उनको जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। परेशान होकर उन्होंने कोर्ट की शरण ली। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।