नया राशन कार्ड देने के नाम पर दुकानदार अवैध वसूली कर रहे हैं। मिटटी का तेल तय रेट से ज्यादा दाम लिया जा रहा है। इसको लेकर कार्डधारक शुक्रवार को तहसील पहुंचे और तहसीलदार यदुवंश कुमार वर्मा को ज्ञापन दिया। तहसीलदार ने मामले की जांच कराने के आदेश दिए है।
कस्बे के मोहल्ला अंबेडकरनगर के रामजीत, संदीप, मीरा देवी, सुनीता, गीता देवी, मनीराम समेत तमाम कार्डधारक इकट्ठे होकर तहसील पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार को बताया कि उनके मोहल्ले का कोटेदार नया राशन कार्ड देने के एवज में प्रति कार्डधारक सौ रुपये वसूल रहा है। जबकि कार्ड की वास्तविक कीमत दस रुपये है। लोगों का यह भी आरोप है कि कोटेदार मिट्टी का तेल भी निर्धारित ज्यादा दाम पर देता है। खास बात यह है कि राशन की दुकान कोटेदार खुद न चलाकर दूसरा व्यक्ति चला रहा है। एसडीएम को संबोधित ज्ञापन में कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।