शाहजहांपुर। जिला सड़क सुरक्षा समिति की शुक्रवार को कलक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बैठक ली। उन्होंने कहा कि टूरिस्ट एवं यात्री बसों में किसी भी स्थिति में गैस सिलिंडर या ज्वलनशील पदार्थ नहीं ले जाया जाए। सड़कों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए नगर निगम एवं नगर निकायों को यातायात जागरूकता अभियान के तहत प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स लगवाने के लिए कहा।
डीएम ने चिह्नित किए गए ट्रॉमा सेंटरों की सूची सभी थानों में बांटने के निर्देश दिए। इससे दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तुरंत उपचार मिल सके। उन्होंने गन्ना लदी ट्राॅलियों के पीछे लाल कपड़ा और रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। डीएसओ को निर्देश दिए कि नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान के तहत बिना हेलमेट के पेट्रोल देने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करें।
इसके अलावा कटरा, रोजा, तिलहर, कांट, अल्हागंज एवं जलालाबाद मार्गों पर रोड सेफ्टी के तहत सफेद पेंट, साइन बोर्ड, संकेतक एवं ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्लीपर बसों में केबिन पर्दे नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि डिवाइडर और मोड़ों वाले स्थानों पर रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। ज्वाइंट सड़कों पर टेबल टॉप, साइनेज और ब्लिंकर लगवाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम एफआर अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, एआरटीओ सर्वेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।