प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर जारी अलर्ट के बीच शाहजहांपुर के तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक मरीज पुवायां और दो शहर के रहने वाले हैं, जिसमें एक सदर बाजार क्षेत्र का है। तीनों मरीज प्रदेश स्तर से जारी आंकड़ों में दर्ज किए गए हैं। अब स्वास्थ्य विभाग तीनों लोगों के घरों के आसपास जांच कराएगा।
सोमवार को शाहजहांपुर के तीन लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को मिली। सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा ने बताया कि पुवायां निवासी एक कैंसर पीड़ित की यूरिन जांच के दौरान स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। दूसरा मरीज सदर बाजार क्षेत्र का रहने वाला है। दोनों मरीज वर्तमान में पीजीआई, लखनऊ में भर्ती हैं।
शहर के एक अन्य व्यक्ति में भी स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग मंगलवार को तीनों मरीजों के संबंध में जानकारी जुटाएगा। इसके बाद मरीजों के घर और आसपास के क्षेत्र में जांच कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों की जांच की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है। सीएमओ ने कहा कि किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।