शाहजहांपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग की जिलास्तरीय तैराकी प्रतियोगिता लापरवाही की भेंट चढ़ गई। लिखित पत्र नहीं आने से हथौड़ा स्टेडियम का स्विमिंग पूल में पानी भरा नहीं मिला। इसके चलते पांच कॉलेजों के प्रतिभागियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। अब 30 जुलाई को दोबारा प्रतियोगिता कराई जाएगी।
माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों की जिलास्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को हथौड़ा स्थित खेल स्टेडियम में प्रस्तावित था। तय समय पर सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्वामी धर्मानंद कॉलेज, जनता इंटर काॅलेज, देवी प्रसाद कॉलेज, एसपी कॉलेज और जीआईसी के प्रतिभागी पहुंचे।
विभाग के खेल समिति के सचिव रामकुमार भी पहुंचे, लेकिन वहां स्टेडियम का पूल खाली मिला। रामकुमार के अनुसार, खाली पूल को बिजली नहीं आने के कारण भरा नहीं जा सका। करीब आधा घंटा इंतजार करने के बाद लौट आए। ऐसे में तैराकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की इच्छा लेकर खिलाड़ी मायूस होकर लौट गए।
सचिव व खेल अधिकारी आमने-सामने आए
समन्वय के अभाव के चलते खेल प्रतियोगिता नहीं हो सकी और खिलाड़ियों को भी अपना समय गंवाना पड़ा। शिक्षा विभाग के खेल सचिव रामकुमार के अनुसार, 21 जुलाई को स्टेडियम में एनडीआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी अभ्यास कर रहे थे। उसी समय आयोजन को लेकर जिला खेल अधिकारी को मौखिक रूप से कहा गया था। उन्हें यह नहीं पता था कि एक बार भरा पानी निकाला भी जाता है। दूसरी ओर जिला खेल अधिकारी एसपी बमनिया ने बताया कि उन्हें तैराकी प्रतियाेगिता के बारे में कोई लिखित सूचना नहीं दी गई। 30 जुलाई की भी कोई जानकारी नहीं मिली है। लिखित में पत्र आने पर सारी तैयारी पूरी करेंगे।