शाहजहांपुर। शहर का प्रमुख हथौड़ा चौराहा अब नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम से जाना जाएगा। आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी की जयंती पर यहां लगाई गई प्रतिमा का बृहस्पतिवार को प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लोकार्पण कर उन्हें नमन किया। घंटाघर को सुभाष टॉवर और हथौड़ा चौराहा को सुभाष चौराहा का नाम दिया गया।
इस अवसर पर सौंदर्यीकरण के बाद तीन अन्य पार्कों का भी लोकार्पण किया गया। हथौड़ा चौराहा पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा को बड़े गोल घेरे में स्थापित किया है। साथ ही लैपविंग मोटल (पयर्टक आवास) और गर्रा पुल तक बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया। केरूगंज चौराहा का सौंदर्यीकरण और महाराजा अग्रसेन की मूर्ति स्थल का शिलान्यास, बेरी चौकी तिराहा स्थित गौतम बुद्ध पार्क के सौंदर्यीकरण का लोकार्पण और सुभाष टॉवर (घंटाघर) का भी लोकार्पण हुआ। इस दौरान जीएफ कॉलेज के छात्र ललित हरि मिश्रा ने काव्यपाठ किया और डॉ. सुदामा प्रसाद विद्यास्थली के बच्चों (चिल्ड्रेन मलेशिया) के बच्चों ने सेना की वर्दी में कैबिनेट मंत्री को सलामी दी।
नए कलेवर के साथ सुभाष टॉवर के रूप में आया घंटाघर
कोतवाली और थाना सदर बाजार सीमा को बांटने वाले प्रमुख चौराहे पर स्थापित घंटाघर सौंदर्यीकरण के बाद अब फिर पुराने नाम से जाना जाएगा। जनपद के इतिहासकार डॉ. नानक चंद्र मेहरोत्रा के मुताबिक घंटाघर का शिलान्यास सुभाष टॉवर के रूप में 20 जनवरी 1957 को तत्कालीन न्याय, नगर पालिका, पंचायत मंत्री सैयद अली जहीर ने किया था। बाद में सुभाष टॉवर नाम हटाकर इसे घंटाघर कर दिया गया। वित्तमंत्री के प्रयास से घंटाघर को लाल पत्थर और रंग-बिरंगी रोशनी से सुसज्जित कर फिर से सुभाष टॉवर बना दिया गया है। इस पर चारों दिशाओं में घड़ियां लगी हैं। वहीं समय की जानकारी देने को तेज आवाज में घंटे की ध्वनि आसपास के क्षेत्रों में गूंजती रहती है।
अतिक्रमण खुद हटवा लें, वरना हम हटवा देंगे : खन्ना
- वित्तमंत्री ने दी चेतावनी, कहा- हम खूबसूरत देखना चाहते हैं शहर
शाहजहांपुर। सुभाष चौराहे के लोकार्पण के दौरान वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने अतिक्रमण हटाने के लिए व्यापारियों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि वह शहर को खूबसूरत देखना चाहते हैं। इसके लिए अभी वह अनुनय-विनय कर रहे हैं, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटा तो वह संसाधनों का इस्तेमाल कर उसे हटवाने में संकोच नहीं करेंगे।
वित्तमंत्री ने कहा कार्रवाई कराना उनका शौक नहीं है, लेकिन अतिक्रमण से लोगों की परेशानी को देखते हुए करना पड़ेगा। उन्होंने तोड़फोड़ के लिए माफी मांगते हुए लंगोटी बाबा धार्मिक स्थल की मरम्मत कराने का भी आश्वासन दिया। साथ ही सभी से स्वच्छता सर्वेक्षण में सहभागिता करने की अपील भी की। इससे पहले डीएम ने विकास कार्यों की चर्चा करते हुए लोगों से शहर को अतिक्रमण मुक्त करने में मदद मांगी। अनिल मालवीय के सभा का संचालन किया और नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान सुभाष चौराहा के निर्माण में सहयोग करने वाले गन्ना शोध परिषद के निदेशक जे सिंह, किशन अग्रवाल, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा, एडीएम राम सेवक द्विवेदी, एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी, सहायक नगर आयुक्त एसके सिंह, एसडीएम सदर वेद सिंह चौहान, डॉ. रवि मोहन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र पाल यादव, अर्चना श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।