पीलीभीत में जीत के बाद प्रसाद भवन में पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद का स्वागत करते समर्थक। स्
शाहजहांपुर। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद के पीलीभीत लोकसभा से बड़ी जीतने के बाद बुधवार को उनके आवास प्रसाद भवन में सुबह से ही बधाई देने वालों का जमावड़ा लगा रहा। पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत कई स्थानों से आए पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने उन्हें फूलमालाएं पहना कर और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
इस अवसर पर जितिन प्रसाद ने बधाई देने आए लोगों से कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विगत 10 वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास एवं सुशासन पर अपनी सहमति जताते हुए उन्हें तीसरी बार देश की जनता की सेवा का अवसर प्रदान किया है।
उन्होंने अपनी जीत पर कहा कि इतने कम समय में पीलीभीत के लोगों ने जो स्नेह-अपनापन दिया, उसे आजीवन भुला नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि अब पीलीभीत कर्मभूमि बन गई है। वहां की जनता की सेवा उनका कर्तव्य है। शाहजहांपुर घर है जहां के लिए वह हर समय तत्पर रहेंगे। इस दौरान महापौर अर्चना वर्मा, विधायक चेतराम, नवनिर्वाचित विधायक अरविंद सिंह, एमएलसी सुधीर गुप्ता, पूर्व विधायक शरदवीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, मंत्री के मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र आदि मौजूद रहे।