फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: मरम्मत के नाम पर पांच घंटे बंद रही आपूर्ति, कई जगह हुए लोकल फॉल्ट

विज्ञापन
कुर्रिया कलां के ग्राम चौहनापुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव करते किसान। स्राेत: स्वयं
विज्ञापन
शाहजहांपुर। निगोही रोड उपकेंद्र के जलालनगर फीडर पर रविवार को बंच लाइन डालने की वजह से करीब आठ सौ उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति पांच घंटे बाधित रही। कई जगह पर लोकल फॉल्ट आने से आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण इलाकों में पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से लोगों ने उपकेंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया।
विज्ञापन

सुबह दस बजे ऊंची मस्जिद के पास जफर कबाड़ी की दुकान के नजदीक रखे 630 केवी के ट्रांसफॉर्मर को बंद कर मरम्मत कार्य कराया गया। इसके चलते आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली जाने से लोग गर्मी में परेशान हो गए। हालांकि, बादल छाने से लोगों को राहत मिली।
करीब पांच घंटे के बाद आपूर्ति को बहाल किया जा सका। इसी तरह अटसलिया उपकेंद्र पर पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर पर लोड डालने का कार्य कराया गया। ट्रांसफॉर्मर नहीं चलने से बरतारा फीडर पर ओवरलोडिंग की वजह से तार टूटने से आपूर्ति बाधित होती थी।
विज्ञापन

दोपहर में तेज हवा चलने की वजह से 132केवी से गोविंदगंज की आपूर्ति को बंद कर दिया गया। करीब 30 मिनट बाद लाइन शुरू की गई। एमनजई जलालनगर में प्रभार मांटेसरी स्कूल के पास फेस नहीं आने से लोग पूरी रात परेशान रहे। इसी तरह अब्दुल्लागंज उपकेंद्र पर जिला अस्पताल वाली लाइन में फॉल्ट आने से एक घंटे तक बिजली बंद रही। कर्मचारियों ने लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति को बहाल कराया।



चौहनापुर विद्युत उपकेंद्र पर किसानों ने किया हंगामा
कुर्रियाकलां। बिजली संकट से परेशान किसानों ने रविवार की दोपहर चौहनापुर विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा किया। उन्होंने बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या को लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान किसानों की अवर अभियंता ब्रजेश निषाद से नोकझोंक भी हुई।
क्षेत्र के गांवों में इन दिनों धान की रोपाई हो रही है, लेकिन खेतों को पानी से भरने और अन्य फसलों की सिंचाई के लिए नलकूप, सबमर्सिबल पंप चलाने को सुचारू रूप से बिजली नहीं मिल रही है। चौहनापुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े कुर्रियाकलां, मल्हपुर, पथरा, चौहनापुर, निकरा, बांसखेड़ा, रामखेड़ा, फत्तेपुर, हुसैनपुर, माधोपुर आदि गांवों में लो वोल्टेज एवं ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। इस कारण धान की रोपाई भी बाधित हो रही है।
इसलिए गुस्साए किसानों ने जेई पर बिजली देने में मनमानी का आरोप लगाया। इसे लेकर जेई से उनकी नोकझोंक हो गई। हालांकि बाद में जेई ने बिजली आपूर्ति में सुधार का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। इस दौरान मल्हपुर के ग्राम प्रधान अनुराग मिश्र, सुनील यादव, नंदन बाजपेयी, मोहित दीक्षित, दधीचि यादव, रूपकांत आदि मौजूद रहे। संवाद


जोगराजपुर फीडर पर लो वोल्टेज से फसलों की सिंचाई बाधित
चांदपुर। खुटार विद्युत उपकेंद्र के जोगराजपुर फीडर से जुड़े करीब दो दर्जन गांवों में लो वोल्टेज की समस्या से फसलों की सिंचाई का कार्य पूरी तरह ठप है। फसलें सूखने से किसान खासे परेशान हैं।
इस फीडर से कुइयां, लालपुर, सहारु, सिंहपुर, लुकटहा, प्रसादपुर, महारानीगंज, लड़ती, धनसिंहपुर, टोडरपुर, बरगदिया, चतुरपुर, केसरपुर खुर्द, चांदपुर, हरनाई, प्रतापपुर, बढ़ाईपुर, भीखमपुर, हंसपुर, गहिया फार्म, हरिहरपुर, बालागंज, नवदिया ओरीलाल, बरुआ, नवदिया नवाजपुर, कोल्हूगाढ़ा, बेला, तुलापुर आदि गांवों को बिजली मिलती है। इन सभी गांवों में गत कई माह से लो वोल्टेज की समस्या है।
हरनहाई गांव के अक्षय गुप्ता, चांदपुर के प्रधान पंकज मिश्रा, तुलापुर के रजत शुक्ला आदि ने बताया कि मात्र 80-90 वोल्ट की बिजली मिलने से घरों में लगे पंखे, कूलर सिर्फ हिल रहे हैं। नलकूप बिल्कुल नहीं चल पा रहे। इस कारण धान और गन्ना की फसलें सूखने के कगार पर हैं। बेहिसाब कटौती होने से 18 घंटे के बजाय बमुश्किल दस घंटे बिजली मिल रही है।
जेई अवधेश कुमार के अनुसार, ओवरलोडिंग से हो रही लो वोल्टेज की समस्या जल्द खत्म की जाएगी। यह समस्या राज्यसभा सदस्य मिथिलेश कुमार के संज्ञान में लाए जाने पर उनका कहना है कि वह किसानों का पत्र लेकर जल्द ही प्रदेश के ऊर्जा मंत्री से मिलेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री से मिलकर जोगराजपुर फीडर से जुड़े गांवों के लिए अलग से नया फीडर बनाकर नई लाइन डाले जाने का प्रयास करेंगे। संवाद


लाइन में फॉल्ट से बिजली गुल
सेहरामऊ दक्षिणी। देर रात से गुल बिजली की वजह से लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। विद्युत उपकेंद्र बादशाह नगर से संबद्ध गांव रौरा, चम्पापुर, फरीदपुर, लक्ष्मनपुर, महमदपुर आदि 40 गांवों में बिजली आपूर्ति शनिवार देर रात बार-बार ट्रिपिंग के बाद गुल हो गई। बादशाहनगर विद्युत उपकेंद्र के जेई अरविंद कुमार ने बताया कि मेन लाइन में फॉल्ट सही होने के बाद सप्लाई शुरू हो जाएगी। संवाद




खेताें में धान की रोपाई होने की वजह से नलकूप चलने से ग्रामीण इलाकों में लोड बढ़ा हुआ है। रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जा रहा है।- जागेश कुमार, एसई, बिजली निगम


जलालाबाद में बारिश के बाद छह घंटे गुल रही बिजली
जलालाबाद। बारिश के दौरान रविवार की दोपहर नगर के कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। करीब छह घंटे से ज्यादा बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे।
दोपहर करीब 12 बजे तेज हवा और बादल छाए रहने के साथ ही बिजली चली गई। बाद में बारिश होने लगी। लोग तेज हवा के कारण बिजली चली जाने के कयास लगाते रहे, लेकिन बिजली शाम छह बजे तक नहीं आई। हालांकि, इस बीच दो-तीन बार ट्रिपिंग हुई, लेकिन आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। लगातार कई घंटे बत्ती गुल रहने से शाम के समय नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो सकी। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें