शाहजहांपुर। बारिश होने की वजह से बिजली की लाइनों पर फॉल्ट की झड़ी लग गई है। रविवार की रात लाइन टू फेस होने की वजह से अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के केरूगंज फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। इसी तरह कई जगह पर 33 केवीए लाइन ट्रिप होने से लोग परेशान रहे। ग्रामीण इलाकों में बारिश के चलते बिजली व्यवस्था चौपट हो गई।
रात करीब दस बजे केरूगंज फीडर की लाइन ट्रिप होने से आपूर्ति बाधित हो गई। एसएसओ ने दोबारा से लाइन लगाने का प्रयास किया तो कामयाबी नहीं मिली। इसके चलते करीब तीन हजार घरों की बिजली गुल हो गई। बिजली जाने से लोग परेशान हो गए।
उपभोक्ताओं ने जेई को कॉल की, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। एसडीओ के निर्देश पर कर्मचारियों ने लाइन पर गश्त की। फॉल्ट नहीं मिलने पर करीब डेढ़ घंटे के बाद दूसरे फीडर से जोड़कर आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।
सोमवार सुबह को सवा दस बजे 220 केवीए पैना ट्रांसमिशन से 33 केवीए लाइन फेल हो गई। पांच मिनट के बाद आपूर्ति सामान्य हो गई। निगोही रोड उपकेंद्र के पुलिस लाइन फीडर पर बंच लाइन डालने के चलते बिजली गायब रही।
तेज हवा चलने की वजह से पुवायां के सुहेली उपकेंद्र की लाइन फॉल्ट की भेंट चढ़ गई। यहां पर करीब छह घंटे बिजली नहीं आई। इसी तरह जलालाबाद के हारगुरैया गांव में बिजली नहीं आने पर लोगों ने उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई।