निगोही की एक एजेंसी में गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे उपभोक्ता। संवाद
शाहजहांपुर। लगभग 15 दिन बाद जिले में व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति शुरू हो गई है। मंगलवार को 30 सिलिंडर आए जो दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को दे दिए गए। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द स्थितियों में सुधार होगा और पूर्व की भांति सिलिंडर उपलब्ध हो सकेंगे।
आठ मार्च से जिले में व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। जिले में 1108 व्यावसायिक कनेक्शन हैं। रोजाना औसतन 280 से तीन सौ सिलिंडरों की मांग हुआ करती थी। पश्चिमी एशिया में युद्ध छिड़ने के बाद आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बाद होटल, रेस्टोरेंट व ढाबों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया था।
बड़े प्रतिष्ठानों का स्टॉक भी खत्म हो गया। लोगों को रोजगार ठप होने की कगार में पहुंच गया। मंगलवार को 30 सिलिंडर की खेप जिले को मिली। इनसे में 24 सिलिंडर एक होटल और शेष छह सिलिंडर एक रेस्टोरेंट को दे दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि हालात में जल्द सुधार होने की उम्मीद है। मंगलवार को आपूर्ति की शुरुआत हुई है। लोगों को थोड़ा धैर्य रखने की जरूरत है। कनेक्शनधारक अपनी केवाईसी जरूर करा लें।
-
80 प्रतिशत लोगों ने करा ली केवाईसी
संकट गहराने से पहले लोग एजेंसी से अपनी केवाईसी कराने पर ध्यान नहीं देते थे। जब बिना केवाईसी सिलिंडर की आपूर्ति रुक गई तो लोगों की भीड़ एजेंसी में उमड़ पड़ी। पूर्व में जहां केवल 50 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने केवाईसी करा रखी थी, वहीं महज 15 दिन में यह संख्या बढ़कर करीब 80 फीसदी पहुंच गई है।
-
रसोई गैस सिलिंडर पाने के लिए लगीं लंबी कतार
निगोही। रसोई गैस सिलिंडर पाने के लिए कस्बे की गैस एजेंसी पर लंबी कतार लगी रही। इस दौरान विवाद की आशंका टालने के लिए पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलिंडर बांटे गए। सोमवार को गैस सिलिंडर वितरित होने के दौरान सपा के एक नेता और गैस एजेंसी के कर्मचारी में विवाद के बाद मारपीट हो गई थी। इस दौरान कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर बुक नहीं हो पाने के कारण मायूस लौटना पड़ा। संवाद