शाहजहांपुर। गर्मी में तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की बंच लाइन और फ्यूज जलने की समस्याएं आने लगी है। इसके चलते लोकल फाॅल्ट से लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी में फॉल्ट आने से लोगाें काे दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
शुक्रवार को गोविंदगंज उपकेंद्र पर लोकल फाॅल्ट के चलते कई बार आपूर्ति बाधित रही। बिजली की आवा-जाही से लोग परेशान हो गए। तार टूटने के साथ ही बंच लाइन में जलने की समस्या रही। इसी तरह बृहस्पतिवार की रात रंगीन चौपाल में एक खंभे में करंट उतर आया। इसी बीच बंच लाइन टूटकर गिर गई। सूचना पर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बंच लाइन को बदलने का कार्य किया। इसके चलते करीब रात नौ से दस बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दिन में बिजली कटौती होने के साथ रात में बिजली की आवाजाही रहने से लोगों को जूझना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में बिजली के जाने से लोग परेशान हो रहे हैं।