ख्यातिलब्ध फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी का कहना है कि फिल्म नगरी में कुछ भी नहीं बदला है, चोरी की स्क्रिप्ट पर जो फिल्में पहले बनती थीं, आज भी बन रही हैं। यहां सनी देयोल नहीं, सनी लियोनी चलती है।
शहर के एक होटल में अभिनेता बेरी ने अमर उजाला से खुलकर बातचीत की। अपने अनुभव भी बांटे। खरी बात करने के लिए पहचाने जाने वाले बेरी ने बताया कि वह एंटरटेनमेंट का ऐसा गुरुद्वारा खोलना चाहते हैं, जहां से कोई भी एक्सपायरिंग एक्टर भूखा न लौटे। बॉलीवुड की ओर भागने वाले युवाओं के लिए वह ऐसा प्लेटफार्म तैयार करना चाहते हैं, जो सभी के पेट की भूख शांत कर सके। सनी देयोल के साथ वर्ष 1987 में फिल्म घायल से फिल्मी सफर शुरू करने वाले सुदेश बेरी अब तक अनुपम खेर, टीनू आनंद, कुलभूषण खरबंदा, परेश रावल आदि नामी-गिरामी चरित्र अभिनेताओं के साथ दर्जनों यादगार फिल्में कर चुके हैं।
एक सवाल के जवाब में बेरी ने कहा कि अगर किसी को स्टेमना तैयार करना हो तो उसे छोटे परदे की रेत पर दौड़ना होगा और यदि मस्ती में काम करना है तो बॉलीवुड की जमीन पर दौड़ लगानी होगी। वार्डर और वंश जैसी फिल्मों में सशक्त अभिनय और दमदार आवाज के बल पर ख्याति बटोरने वाले बेरी को टीवी सीरियल सुराग, अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो, महाभारत जैसे मेगा सीरियल में काम करने का अवसर मिला। अभी हाल में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर तैयार मेगा सीरियल महाभारत में वह द्रौपदी के पिता द्रुपद की दमदार भूमिका निभाकर सुर्खियों में आए थे। बोले, अगला लक्ष्य बेटे अर्जुन को लांच करना है, जो इस समय मेलबोर्न (आस्ट्रेलिया) में पढ़ाई कर रहा है और शीघ्र ही यहां आने वाला है।
कलाकार बेरी से मिल गदगद हुए शिशु मंदिर के बच्चे
शाहजहांपुर। सजग नाट्य संस्थान के बुलावे पर शहर पहुंचे फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी का मोहल्ला सिंजई स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में जोरदार स्वागत किया गया। यहां उन्होंने बच्चों को खुश करने के लिए अपनी कई फिल्मों के डायलॉग भी सुनाए।
संस्थाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश मिश्र ने सहयोगियों नलिनी मिश्रा, मनु शुक्ला, इरफान अहमद आदि के साथ अभिनेता बेरी को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसी कड़ी में स्कूली बच्चों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इससे पूर्व बच्चों ने अपने बीच फिल्म एवं टीवी कलाकार बेरी को पाकर तालियां बजाकर स्वागत किया। उत्साहित बच्चों के बीच स्वयं को पाकर बेरी पहले तो कुछ देर बोलने की स्थिति में ही नहीं हो पाए, बाद में बच्चों की डिमांड पर उन्होंने फिल्मी डायलॉग सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। संस्थान के कलाकारों ने उनका फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान संस्थान की ओर से बनी फिल्म सजा न बन जाए मजा का प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शन भी किया गया। अभिनेता बेरी का स्वागत करने वालों में पुलकित मिश्रा, हिमांशी, भावना, शीलू मिश्रा, मेघा, नौशाद अंसारी, रिजवान, रोहिद खान, जमाल खान आदि शामिल रहे।