मृतक सजिद के परिजनो से घटना की जानकारी करती पुलिस । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। बीमारी से परेशान युवक ने तमंचे से अपने पेट में गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तमंचा बरामद कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामला बुधवार सुबह जलालाबाद क्षेत्र के दिबियापुर का है। यहां रहने वाले शराफत का बेटा साजिद (20) सुबह करीब सात बजे पास के गांव सरैयां में अपने आलू के खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ देर बाद सूचना मिलने पर परिजन खेत पर पहुंचे। वहां साजिद लहूलुहान पड़ा था। उसके पेट मे गोली लगी थी। आसपास खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि साजिद ने ही अपने पेट में तमंचे से गोली मारी। घायल साजिद को सीएचसी पहुंचाने के बाद शराफत ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अमित यादव ने बताया कि गोली युवक के पेट मे लगी थी। गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। जलालाबाद के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि शराफत ने दी गई तहरीर में कहा है कि उसका लड़का मिर्गी की बीमारी से परेशान था। इसके चलते उसने स्वयं को गोली मारी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।