शाहजहांपुर। भारत सरकार के निर्देश पर जिले में चीनी के थोक कारोबारियों के स्टॉक की जांच का अभियान शुरू कर दिया गया है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी के निर्देशन में गठित टीम ने सोमवार को शहर के रामगंज और बहादुरगंज में चीनी के तीन थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में पोर्टल पर दी गई जानकारी के सापेक्ष मौके पर उपलब्ध स्टॉक सही पाया गया। किसी प्रतिष्ठान पर अनियमितता नहीं मिली।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने बताया कि टीम ने रामगंज स्थित कन्हैया लाल तुलसीराम, श्रीराम ट्रेडर्स और बहादुरगंज स्थित श्री गणेश ट्रेडिंग कंपनी के प्रतिष्ठानों की जांच की। टीम ने मौके पर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का मिलान भारत सरकार के पोर्टल पर घोषित स्टॉक से किया।
जांच में तीनों प्रतिष्ठानों पर स्टॉक सही मिला। अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी चीनी के थोक कारोबारियों, ट्रेडर्स, होलसेलर, रिटेलर और प्रोसेसर को प्रत्येक शुक्रवार को चीनी के स्टॉक की स्थिति पोर्टल पर घोषित करनी होगी। किसी भी फर्म पर 400 मीट्रिक टन से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं होना चाहिए।
इसके अलावा चीनी प्राप्ति की तिथि से 30 दिन से अधिक अवधि के लिए स्टॉक का भंडारण नहीं किया जा सकेगा। नियमों का उल्लंघन अथवा अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।