शाहजहांपुर। त्योहारी सीजन में चीनी के दाम फिर बढ़ गए हैं। चार दिन पहले 60 रुपये किलो बिक रही चीनी अब 65 रुपये किलो पहुंच गई है। थोक में भी इसका भाव बढ़कर 6400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। दीपावली और भाईदूज पर मिठाइयों की मांग बढ़ने से चीनी की खपत बढ़ गई है।
विज्ञापन
सितंबर में चीनी का फुटकर भाव 70 रुपये किलो तक पहुंच गया था। इसके बाद सरकार ने थोक विक्रेताओं के लिए भंडारण की सीमा तय करने के साथ ही कोटा व्यवस्था में बदलाव किया। पहले मासिक कोटा जारी होता था, अब 15 दिन का कोटा जारी किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त चीनी नीरज कुमार ने बताया कि चीनी मिलों से लगातार आपूर्ति हो रही है। बाजार में मांग बढ़ने के कारण भाव में तेजी आई है। सरकार की ओर से बाजार की निगरानी की जा रही है। जल्द ही चीनी मिलों का नया पेराई सत्र शुरू होगा, जिसके बाद भाव में कमी आने की उम्मीद है।