किसान सहकारी चीनी मिल के संचालकों का मतदान शांतिपूर्वक होने के बाद आरओ कौशल देव ने निर्वाचित संचालकों के नाम की घोषणा कर दी। साथ ही नवनिर्वाचित संचालकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
चीनी मिल डायरेक्टर के 13 पदों के लिए बुधवार को हुए मतदान के बाद उखरी से ओमप्रकाश, तिलहर से साजिद खां, कटरा से धनेंद्र सिंह, जैतीपुर से रामगुनी, मिलकीपुर से अमर सिंह, समधाना से विपिन कुमार निर्वाचित घोषित किए गए जबकि कलियानपुर के फकीरे लाल, कुदिन्ना के हेमराज, खिरिया की रामवती, निगेाही के अत्येंद्रपाल, मझला के देवेंद्र पाल, सुल्तानपुर के निर्दोष गंगवार तथा अन्य समितियों से बमनुआ के सुरेश पाल सिंह पहले ही निर्विरोध संचालक चुने जा चुके हैं। शासन द्वारा गांव बंधा निवासी रक्षपाल सिंह यादव को चीनी मिल का संचालक नामित किया गया है।
जिला विपणन अधिकारी तथा आरओ कौशल देव ने नवनिर्वाचित संचालकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान तहसीलदार लालता प्रसाद तिवारी, बीडीओ बाबू राम वर्मा, सीसीओ रामजी सिंह, कोतवाल रूम सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
उपसभापति पद के लिए जोड़-तोड़ शुरू
चीनी मिल के 14 डायरेक्टर मिल कर बृहस्पतिवार को उपसभापति का चुनाव करेंगे। इसके लिए चुनाव प्रणाम घोषित होते ही जोड़-तोड़, गिले शिकवे व मान मनुहार का दौर शुरू हो गया। सपा द्वारा कोई प्रत्याशी घोषित न होने से कई सपा समर्थक संचालकों द्वारा अपने अपने पक्ष में लाम बंदी शुरू कर दी गई है। निवर्तमान उपसभापति सुरेश पाल सिंह के पुन: मैदान में उतरने की संभावना है। प्रतिष्ठा के इस चुनाव में यूं तो सपा समर्थक कई संचालक दावेदारी ठोक रहे हैं, किंतु प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश के बाद ही सपा समर्थित संचालक अपने पत्ते खोलेंगे।