नवरात्र के अवसर पर लोधीपुर स्थित सिटी पार्क में ख्यातिलब्ध भजन सम्राट अनूप जलोटा की शाम सजी। भजन संध्या में अनूप जलोटा को सुनने के लिए भारी-भरकम पंडाल लगाया गया था। शुभारंभ मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण से किया गया और यह पुनीत काम स्वयं जलोटा ने ही किया।
जोरदार स्वागत-सत्कार के बाद अपनी टीम के साथ मंच पर बिराजे भजन गायक जलोटा ने समारोह की शुरुआत उसी भजन से की, जिसने उन्हें पहचान दिलाई। Òऐसी लागी लगन-मीरा हो गई मगनÓ भजन के बाद उन्होंने Òजग में सुंदर हैं दो नाम-चाहें कृष्ण कहो या रामÓ, Òरामनाम अति मीठा हैÓ, Òश्याम तेरी वंशी पुकारे राधा नामÓ आदि कई कर्णप्रिय भजन सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। कई बार ऐसा भी हुआ कि उन्होंने श्रोताओं को भी अपने साथ गाने का अवसर दिया। श्रोताओं ने भी खासतौर पर महिलाओं ने इस मौके को हाथ से जाने नहीं दिया और अनूप जलोटा के स्वर में स्वर मिलाकर भजन पूरा किया।
'श्याम तेरी वंशी पुकारे राधा नामÓ नामक भजन प्रस्तुत करने से पूर्व उन्होंने इसके लेखक प्रख्यात संगीत और गीतकार रवींद्र जैन को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। श्री जैन का अभी कुछ दिन पूर्व ही निधन हुआ है। इससे पूर्व साउथ सिटी परिवार के किशन अग्रवाल, हितेश अग्रवाल, योगेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, प्रमोद अग्रवाल, कैलाश नारायण अग्रवाल, रजनीश गुप्ता आदि ने भजन सम्राट अनूप जलोटा का मंच पर जोरदार स्वागत किया। संचालक डॉ. इंदु अजनबी ने गायक अनूप जलोटा को काकोरी कांड पर लिखी अपनी कृति भी भेंट की। इस अवसर पर पूर्व सांसद मिथिलेश कुमार, विधायक राजेश यादव, रोशनलाल वर्मा, रोजा नगर पंचायत चेयरमैन अजय गुप्ता, पूर्व राज्यमंत्री अवधेश वर्मा, एडीएम पीके श्रीवास्तव, कर्नल बख्शी समेत बड़ी संख्या में विशिष्टजन मौजूद रहे।