जीएफ कॉलेज में छात्रा को टैबलेट देते वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्रोत : कॉलेज
- फोटो : संवाद
शाहजहांपुर। जीएफ कॉलेज में शनिवार को वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। सुरेश खन्ना ने छात्र-छात्राओं से कहा कि परिश्रम और तकनीक के सहयोग से ही सफलता पाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत परास्नातक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सैयद मोइनुद्दीन ने पुष्प गुच्छ देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मोहसिन हसन खां ने स्वागत वक्तव्य दिया। वित्त मंत्री ने कहा कि दुनिया में वही देश प्रगति कर रहे हैं, जो देश-प्रेम, परिश्रम और तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार ने सभी छात्र-छात्राओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए पहल की है। सरकार का लक्ष्य पांच वर्षों में दो करोड़ छात्र-छात्राओं तक यह लाभ पहुंचाना है।
कार्यक्रम में एमए, एमएससी, एमकॉम, एमएसडब्ल्यू, एमएड आदि कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंसूर अहमद सिद्दीकी ने किया। महाविद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक मलक अब्दुल वाहिद ख़ान, एडवोकेट मोहम्मद शाहनवाज ख़ां आदि मौजूद रहे।