तिलहर। क्षेत्र के ढकिया शोभा गांव निवासी अमित और पवन ने बुधवार को एसपी और सीओ कार्यालय पहुंचकर एक दरोगा पर जाति पूछने के बाद मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस अधिकारियों ने आरोपों को निराधार बताया है।
शिकायती पत्र में अमित और पवन ने बताया कि मंगलवार को दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। सूचना पर पहुंची 112 पीआरवी दोनों पक्षों को थाने ले आई। वहां समझौते की बातचीत चल रही थी। आरोप है कि एक दरोगा ने उनकी जाति पूछी और लाइट बंद कर मारपीट की। बुधवार को उनका मेडिकल कराने के बाद शांतिभंग में कार्रवाई कर दी गई।
सीओ विदुष सक्सेना ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। थाने की हवालात में दोनों पक्षों के लोग गाली-गलौज करते हुए दोबारा मारपीट पर आमादा हो गए थे। दरोगा ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा था। मारपीट के अन्य आरोप निराधार हैं। थाने के सीसी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है। तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद