जैतीपुर में जागरुकता रैली निकालते कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राएं। संवाद
जैतीपुर। साक्षरता के प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए बुधवार को नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत संविलियन विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षरों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने लोगों को साक्षरता के महत्व की जानकारी देकर बताया कि 15 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी अनपढ़ व्यक्ति नजदीकी परिषदीय विद्यालय से संपर्क कर साक्षरता कार्यक्रम से जुड़ सकता है। इसके अलावा उल्लास एप के माध्यम से स्वयं पंजीयन भी किया जा सकता है।
कार्यक्रम के तहत साक्षरता परीक्षा 20 सितंबर को आयोजित होगी। परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों को साक्षर होने का प्रमाणपत्र मिलेगा। साथ ही बुनियादी साक्षरता के बाद आगे की शिक्षा जारी रखने की सुविधा भी मिलेगी। रैली में अध्यापक तुलसी राम, रजनीश कुमार आदि छात्र-छात्राओं के साथ रहे। संवाद