गांव मकसूदापुर स्थित बजाज पब्लिक स्कूल के बच्चों ने 17 हजार रुपये में फोर व्हीलर वाहन तैयार कर गणतंत्र दिवस पर शिक्षकों और अभिभावकों के सामने पेश किया। छात्रों ने इसे फोर व्हीलर बंबू कट टू’ नाम दिया है। स्कूल में कक्षा नौ के छात्र अमृतपाल सिंह, गुरमीत सिंह, लवप्रीत सिंह, अंकुर गंगवार, बलराज सिंह, राजदीप सिंह ने बताया कि कुछ दिन पूर्व स्कूल के साइंस टीचर अरुण चौधरी ने उनसे गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुत करने के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने को कहा था। इसके बाद बच्चों ने टीम बनाकर कम लागत में फोर व्हीलर वाहन बनाने की सोची। बच्चों ने पॉकेट मनी को एक दोस्त के पास जमा कर प्रोजेक्ट की तैयारी की।
अमृतपाल सिंह ने बताया कि सबसे पहले उन लोगों ने कबाड़ से मोटरसाइकिल का इंजन खरीदा। उसके बाद चेचिस की तैयारी की। वर्कशॉप पर खुद की डिजाइन की हुई चेचिस बनाई। इसके बाद कबाड़ से पहिये खरीदकर फिट किए गए और इंजन लगाया गया। कबाड़ से ही मैजिक का स्टेयरिंग खरीदकर फिट करके गाड़ी को तैयार किया गया और गणतंत्र दिवस के अवसर पर गाड़ी बंबू कट टू’ को चलाकर प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी। बंबू कट टू’ पर चार से पांच लोग बैठ जाते हैं। छात्रों ने इसे एक माह में तैयार किया है। इस पर 17 हजार रुपये की लागत आई है। बंबू कट टू तैयार करने वाले छात्र इंजीनियरिंग कर टू व्हीलर कंपनी में काम करते हुए कम लागत में वाहन तैयार करना चाहते हैं, जिससे सभी लोग वाहन का लाभ ले सकें।
ऐसे रखा बंबू कट टू नाम
छात्रों ने बताया कि उन लोगों ने एक फिल्म देखी थी। पंजाबी कलाकार एमबी ब्रिक की इस फिल्म का नाम बंबू कट था। इसमें कलाकार बेहद कम लागत में वाहन तैयार करता है। इससे उन लोगों को भी वाहन बनाने की प्रेरणा मिली और फिल्म के नाम के आधार पर उन्होंने अपनी गाड़ी का नाम फोर व्हीलर बंबू कट टू रखा। बजाज पब्लिक स्कूल के शिक्षकों, अभिभावकों ने छात्रों की गाड़ी बंबू कट को चलाकर देखा और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।